बीकानेर: सरपंच चुनाव में जीत का जश्न मातम में बदला, सरपंच प्रतिनिधि मान का हार्ट अटैक से निधन
बीकानेर। जिले के खाजूवाला पंचायत चुनाव में जीत की खुशियां अभी पूरी तरह परवान भी नहीं चढ़ी थीं कि एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्राम पंचायत 8KYD में नवनिर्वाचित सरपंच सुखप्रीत कौर मान के ससुर मलकीत सिंह मान का अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। चुनावी जीत के जश्न के बीच हुई इस दुखद घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम पंचायत 8KYD में सुखप्रीत कौर मान ने पंचायत चुनाव में 770 वोटों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की थी। यह जीत खाजूवाला क्षेत्र की तीसरी सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है। चुनाव परिणाम आने के बाद परिवार और समर्थकों में उत्साह का माहौल था। घर में जीत की बधाइयों और खुशियों की गूंज थी, लेकिन अचानक मलकीत सिंह मान के निधन की खबर ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया।
जिस घर में चुनावी जीत का जश्न मनाया जा रहा था, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अप्रत्याशित घटना से न केवल परिवार, बल्कि जीत की खुशी में शामिल ग्रामीण और समर्थक भी स्तब्ध हैं।
मलकीत सिंह मान के अचानक निधन की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिचितों का शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचना शुरू हो गया। लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। पंचायत चुनाव में मिली बड़ी जीत जहां परिवार के लिए उत्सव का अवसर थी, वहीं नियति के इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।