बीकानेर। गजनेर रोड स्थित चुंगी नाका पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मृतक की पहचान अब्दुल रहमान निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप था कि नो-एंट्री के समय ट्रकों को शहर में प्रवेश दिए जाने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया।मौके पर मौजूद सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हुई है। घटना के बाद लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने नो-एंट्री के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने की मांग रखी। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारू कराया।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।