बीकानेर: सीएलजी बैठक, नशे और साइबर अपराध पर अंकुश के लिए आमजन से मांगे सुझाव
बीकानेर। बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस थाना कोतवाली परिसर में वृत स्तरीय सीएलजी, यूथ सीएलजी, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र, गणमान्य नागरिकों तथा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा नगर वृताधिकारी अनुज डाल भी मौजूद रहे।बैठक में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, साइबर अपराधों की रोकथाम, शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा बढ़ते नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री और नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने अपराधियों का महिमामंडन नहीं करने तथा बिना किसी भय के पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया।वहीं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि आगामी दिनों में बीकानेर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की।बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ की सराहना करते हुए इसे निरंतर जारी रखने की मांग की। नागरिकों का कहना था कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इससे नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगा है।इस अवसर पर कोतवाली थाना प्रभारी सविता डाल, मुक्ताप्रसाद नगर थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह, कोटगेट थाना प्रभारी विक्रम तिवाड़ी तथा नयाशहर थाना प्रभारी सुरजीत कुमार सहित नगर सर्किल के पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।