बीकानेर। जिले में अपराधियों और भूमाफियाओं के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को करमीसर क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के अवैध कब्जों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटगेट थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर आमीन खान और हसन अली द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू किया।यह कार्रवाई रेंज आईजी ओमप्रकाश तथा एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की जा रही है। अभियान का उद्देश्य भूमाफियाओं, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर प्रभावी शिकंजा कसना बताया जा रहा है।
मौके पर बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारी कुणाल राहड़ और आकांक्षा गुदारा मौजूद रहे तथा उनकी देखरेख में अवैध कब्जे हटाए गए। वहीं एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, सीओ हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में कोटगेट थाना प्रभारी परमेश्वर सुथार और उनकी टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध कब्जों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।