बीकानेर। जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पांचू गांव की रोही में खेत में खेल रहे 3 वर्षीय मासूम पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बड़ी मुश्किल से कुत्तों को भगाकर मासूम को बचाया।
घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू किया। बताया जा रहा है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है और पहले भी इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए आवारा कुत्तों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।