बीकानेर: जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद ही खाजूवाला पुलिस थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।जानकारी के अनुसार, आरोपी हरप्रीत सिंह और मृतका जसवीर कौर पिछले करीब दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर हरप्रीत ने जसवीर कौर की गला दबाकर हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने शव को 36KJD की रोही में फेंक दिया। इसके बाद वह सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर लिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एफएसएल और एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए। वहीं, मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।