बीकानेर की सियासत इन दिनों एक वायरल वीडियो के चलते जबरदस्त गरमाई हुई है। कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद मेघवाल के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के पुत्र रवि शेखर मेघवाल को क्रिमिनल और अपराधिक प्रवृत्ति का तक कह डाला।बस फिर क्या था… इस आरोप ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया। भाजपा नेता रवि शेखर मेघवाल ने तीखे तेवर दिखाते हुए खुली चेतावनी दे डाली। उन्होंने कहा कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी।रवि मेघवाल ने साफ शब्दों में कहा कि वायरल वीडियो की सच्चाई जनता के सामने आनी ही चाहिए। अगर वीडियो असली है तो कार्रवाई हो, लेकिन बिना सबूत किसी का नाम उछालना सस्ती राजनीति है।उन्होंने गोविंद मेघवाल को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि बार-बार उनका नाम हर विवाद में घसीटना बंद करें, वरना वे कानून का सहारा लेने से पीछे नहीं हटेंगे। यह कहते हुए उन्होंने सियासी पारा और चढ़ा दिया।रवि ने यह भी कहा कि वे न तो बेवजह किसी पर टिप्पणी करते हैं और न ही हर मामले में टांग अड़ाते हैं, लेकिन अगर कोई उनकी छवि पर वार करेगा तो जवाब भी उसी अंदाज में मिलेगा।अपने राजनीतिक भविष्य पर बोलते हुए उन्होंने साफ किया कि पंचायत चुनाव लड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है, लेकिन विधानसभा चुनाव में पार्टी का आदेश मिला तो मैदान में उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।