बीकानेर । संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने अधीक्षक डॉ. बीसी घीया का घेराव कर विरोध जताया। इस दौरान शहर कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं को जल्द सुचारु करने की मांग की।
पीसीसी सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने आरोप लगाया कि अस्पताल में लंबे समय से अव्यवस्था बनी हुई है, जिसके चलते मरीजों को दवाइयों, केनुला, ग्लव्स और सिरिंज जैसी जरूरी चीजों के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सुविधाओं के अभाव में मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि सोनोग्राफी सहित अन्य निशुल्क जांचों के लिए लंबी वेटिंग चल रही है, जिससे मजबूर होकर मरीजों को बाहर निजी लैब में महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ रही है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि अस्पताल में संसाधनों और व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।हालांकि इस प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी रही।