बीकानेर । बुधवार शाम आए तेज अंधड़ ने शहर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में तेज हवा के चलते एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक चलती कार आ गई। गनीमत रही कि कार सवार बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधड़ इतना तेज था कि पेड़ के साथ-साथ बिजली का खंभा भी उखड़ गया। पेड़ बिजली के तारों पर गिरने से तार टूट गए और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। वहीं उखड़ा हुआ खंभा पास में खड़े ठेलों पर जा गिरा, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा।घटना के समय एडवोकेट जगदीश गौड़ अपने पुत्र मनीष गौड़ के साथ वहां से गुजर रहे थे। उनकी गाड़ी पर भी पेड़ की टहनी गिर गई, लेकिन वे सुरक्षित बच निकले।अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर एकबारगी अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए स्थिति को संभाला।