बीकानेर के निजी स्कूल के छात्र भुवन छंगाणी ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.17 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल दोनों में खुशी का माहौल है।
भुवन ने साइंस, मैथ्स और संस्कृत में शत-प्रतिशत यानी 100 में 100 अंक प्राप्त किए हैं, जबकि हिन्दी और इंग्लिश में 99-98 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनके पिता भैरुरतन छंगाणी और माता रेखा छंगाणी ने बेटे की इस सफलता पर गर्व जताया।भुवन ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित और अनुशासित पढ़ाई को दिया। उनका कहना है कि रोजाना कुछ घंटे एकाग्र होकर पढ़ाई करना ही सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने अपने दादा-दादी, माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन को भी अपनी उपलब्धि का अहम कारण बताया।
स्कूल संचालक नरोत्तम स्वामी ने भी भुवन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने इस वर्ष 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चली थीं, जिनमें 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी शामिल हुए थे। खास बात यह रही कि इस बार 10वीं का रिजल्ट 12वीं से पहले जारी किया गया और पहली बार मार्च माह में परिणाम घोषित किया गया।