बीकानेर। नवसंवत्सर के पावन अवसर पर आज आयोजित होने वाली भव्य धर्मयात्रा को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। यात्रा से पूर्व ही बीकानेर के प्रमुख चौक-चौराहों को रंग-बिरंगी रोशनी और भगवा पताकाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आ रहा है।
धर्मयात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब 800 पुलिस जवानों का जाब्ता तैनात किया गया है। यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी के लिए ऊंची इमारतों पर दूरबीन के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, वहीं पूरी यात्रा पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं, ताकि आमजन को असुविधा न हो और यात्रा सुचारू रूप से संपन्न हो सके। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह फिक्स पिकेट भी स्थापित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धर्मयात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण, नारेबाजी या हथियारों के प्रदर्शन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में आयोजन समिति के सदस्यों ने भी सहमति जताई है।
पुलिस अधीक्षक, बीकानेर ने भी दोहराया कि पूरे आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी। महाआरती स्थल सहित संपूर्ण यात्रा मार्ग पर कैमरों और ड्रोन के माध्यम से नजर रखी जाएगी तथा ऊंची इमारतों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा।