बीकानेर । शहर में सुबह से रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। सुबह छह बजे से ही बीकानेर शहर में रिमझिम शुरू हुई जो नौ बजे तक अनवरत जारी रही। तापमान में भारी गिरावट के बाद अब सर्दी जैसा मौसम हो गया है। गर्म कपड़ों को फिर से बाहर निकाला जा रहा है, जबकि ठंडी हवाओं के बीच नन्हें-मुन्ने बच्चों को एग्जाम के लिए स्कूल जाना पड़ रहा है।मौसम विभाग ने दो दिन पहले ही चेतावनी दी थी कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीकानेर सहित पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाडमेर में बारिश हो सकती है। ठीक वैसा ही हुआ और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। बीकानेर शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी बादल बरस रहे हैं। नोखा में सुबह लोग उठे तो सड़कें पानी से तरबतर थी। इधर महाजन, लूणकरनसर और खाजूवाला में भी बारिश का दौर तड़के शुरू हो गया।मौसम विभाग ने एडवायजरी जारी करते हुए कहा था कि 19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने की संभावना है। 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 Kmph) व बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। हालांकि अब तक बीकानेर शहर और आसपास के गांवों में ओलावृष्टि नहीं हुई है लेकिन बादलों ने पूरे आसमान पर कब्जा किया हुआ है। शाम तक बीकानेर में तेज बारिश हो सकती है।