बीकानेर।शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार पर रसद विभाग ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्भेश्वर नगर स्थित जसनाथ जी की बगीची के पास एक बाड़े में चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग के खेल का भंडाफोड़ कर दिया। रसद विभाग के प्रवर्तन दल और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर 56 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मशीन और इलेक्ट्रिक कांटा बरामद किया। साथ ही इस अवैध धंधे में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया गया।जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में सामने आया कि एक बाड़े में बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनसे रिफिलिंग का काम किया जा रहा था। जब्त किए गए सिलेंडरों में इंडेन के 43, एचपी के 2 और भारत गैस के 11 सिलेंडर शामिल हैं। मौके पर इस अवैध गतिविधि से जुड़े व्यक्ति की पहचान विष्णु बिश्नोई के रूप में हुई है।कार्रवाई के बाद जब्त सिलेंडरों को वैद्य मगाराम गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि बोलेरो पिकअप वाहन को नयाशहर पुलिस थाने में जमा करवाया गया है। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 6ए के तहत जिला कलेक्टर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध गैस भंडारण, घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।