बीकानेर। शहर में पतंगबाजी के साथ चाइनीज मांझे का खतरा भी बढ़ने लगा है। शनिवार को चौखुंटी पुलिया क्षेत्र में एक स्कूटी सवार व्यक्ति इस खतरनाक मांझे की चपेट में आकर घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी प्रभुसिंह मेड़तिया स्कूटी से चौखुंटी पुलिया के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक रास्ते में पड़े चाइनीज मांझे से उनकी गर्दन कट गई और वे संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सहित गिर पड़े। मांझे के कारण उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। गिरने से उनके पैरों में भी चोट आई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए घाव पर पट्टी की।प्रभुसिंह ने बताया कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। हेलमेट नहीं होता तो हादसा और गंभीर हो सकता था।