बीकानेर। पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े एक संदिग्ध ई-मेल ने मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी। alex_paul_menon@outlook.com नाम की आईडी से भेजे गए इस मेल में पासपोर्ट ऑफिस और डाक विभाग से जुड़े कर्मचारियों को लेकर गंभीर सुरक्षा चेतावनी दी गई है। मेल सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार ई-मेल में दावा किया गया है कि कुछ संदिग्ध तत्व पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े वीवीआईपी दस्तावेजों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। मेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी ऐसा संदेश एजेंसियों की प्रतिक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल को परखने के उद्देश्य से भेजा गया था।ई-मेल सामने आने के बाद बीकानेर हेड पोस्ट ऑफिस में सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत चाक-चौबंद कर दिया गया। मौके पर पहुंचे कोटगेट थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके चलते एहतियातन पोस्ट ऑफिस को खाली करवाया गया है। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
ई-मेल में आईईडी ब्लास्ट की आशंका जताते हुए पासपोर्ट कार्यालय और पोस्ट ऑफिस के आसपास से स्टाफ और आम लोगों को हटाने की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा कई राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का जिक्र करते हुए कुछ लोगों पर फंडिंग और आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप भी लगाए गए हैं। साथ ही अमोनियम नाइट्रेट विस्फोट के जरिए संवेदनशील इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने जैसी गंभीर बातों का भी उल्लेख किया गया है।
हालांकि इस ई-मेल की सत्यता अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मेल राजस्थान के पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े अधिकारियों को भेजा गया बताया जा रहा है। फिलहाल जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और इसके पीछे की असली मंशा का पता लगाने में जुटी हुई हैं