बीकानेर।अहमदाबाद में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार और कुल तीसरी बार टी-20 विश्वकप अपने नाम कर लिया। भारत की इस शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल बन गया।
बीकानेर में भी टीम इंडिया की जीत का उत्साह देखते ही बन रहा है। शहर के हृदय स्थल कोटगेट पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और भारतीय समर्थक एकत्रित हो गए। यहां लोगों ने जोरदार आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाइयां दीं। माहौल ऐसा था मानो होली और दिवाली एक साथ मनाई जा रही हो।
समर्थकों ने भारत माता के जयकारे लगाए और टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते नजर आए। शहर के कई अन्य इलाकों में भी लोगों ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया। देर रात तक कोटगेट और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल बना रहा।