बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिसकर्मियों पर एक कैफे संचालक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद देर रात बड़ी संख्या में लोग नयाशहर थाने के बाहर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों से माफी मांगने की मांग करने लगे। मामला जस्सुसर गेट क्षेत्र स्थित द वन कैफे का बताया जा रहा है।इस संबंध में कैफे संचालक उमेश ओझा की ओर से नयाशहर थानाधिकारी को परिवाद दिया गया है। परिवाद में बताया गया कि वह अपने एक साथी के साथ रात करीब 1 बजे कैफे बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और सेंडविच बनाने के लिए कहा। जब वह सेंडविच बनाने लगा तो एक अन्य पुलिसकर्मी ने कहा कि अब नहीं खाना है। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। परिवाद में यह भी बताया गया है कि उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने अभद्र व्यवहार करते हुए गालियां दीं। परिवाद के माध्यम से संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।घटना के बाद युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष वेद व्यास भी नयाशहर थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि दुकान खोलकर काम करना कोई अपराध नहीं है और यदि किसी ने शराब के नशे में संचालक के साथ मारपीट की है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मियों का कहना है कि कैफे बंद करवाने को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।