बीकानेर। रंजीतपुरा में मासूम बच्ची की हत्या और दुष्कर्म की घटना के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय का माहौल व्याप्त है। छात्र नेताओं ने प्रशासन पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित व निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।
छात्रों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।