बीकानेर। प्रदेशव्यापी अभियान शुद्ध आहार, मिलावट पर वार के तहत शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नोखा स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में कार्रवाई करते हुए घी निर्माता इकाई मैसर्स श्री मारुति फूड प्रोडक्ट पर छापा मारा। कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह और सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने किया।जांच के दौरान सामने आया कि फैक्ट्री में गुजरात से क्रीम मंगाकर उसे गर्म कर टुडे चॉइस ब्रांड नाम से 410 से 420 रुपये प्रति लीटर की दर से घी बेचा जा रहा था, जबकि बाजार में शुद्ध घी का भाव लगभग 525 रुपये प्रति लीटर बताया जा रहा है। मिलावट की आशंका के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत घी का एक नमूना लिया गया तथा करीब 765 किलोग्राम घी को सीज कर दिया गया।इसी क्रम में फड़ बाजार स्थित मेसर्स युवराज फूड प्रोडक्ट से नमकीन और केसर बाटी के एक-एक नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं खारा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित NUCHEM फूड से रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल का एक नमूना लिया गया।कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा और अमित शर्मा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।