बीकानेर। जिले के बज्जू के रणजीतपुरा समीप शनिवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा, जो बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली थी, संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। उसका शव नहर के पास झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिससे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है।
परीक्षा देने निकली, सेंटर तक नहीं पहुंची
परिजनों के अनुसार छात्रा दोपहर करीब 12:15 बजे घर से परीक्षा केंद्र के लिए निकली थी। वह रोजाना करीब दो किलोमीटर पैदल स्कूल जाती थी। जब दोपहर लगभग 1:46 बजे स्कूल प्रशासन की ओर से सूचना मिली कि वह परीक्षा केंद्र नहीं पहुंची है, तब परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
कुछ दूरी पर नहर के पास झाड़ियों में बच्ची का शव पड़ा मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का विरोध, एफएसएल जांच की मांग
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने एफएसएल टीम से मौके पर साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। बाद में एफएसएल टीम को बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पोस्टमॉर्टम के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।