बीकानेर। जिले के खाजूवाला क्षेत्र में मामूली कहासुनी एक बार फिर हत्या तक पहुंच गई। खाजूवाला-दंतौर सड़क मार्ग पर 18 केजेडी फांटे के पास स्थित एक ब्लॉक फैक्ट्री में श्रीगंगानगर से मजदूरी करने आए व्यक्ति की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई।घटना की सूचना मिलते ही डीवाईएसपी अमरजीत चावला व थानाधिकारी रोहित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं बीकानेर से एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने एक युवक को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।डीवाईएसपी अमरजीत चावला ने बताया कि मृतक की पहचान 45 वर्षीय जगदीश नायक निवासी श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। वह खाजूवाला क्षेत्र में भवन निर्माण कार्य में मिस्त्री के रूप में काम करने आया था। देर रात साथियों के साथ शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो कुछ ही देर में खूनी झगड़े में बदल गया।
हमले में जगदीश नायक के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव सौंपा जाएगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों व आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।