बीकानेर। कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने गुरुवार को आचार्य तुलसी कैंसर रिसर्च सेंटर परिसर में राजस्थान की दूसरी डायमंड्स लैब का उद्घाटन किया। यह लैब केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित डायमंड्स योजना के तहत स्थापित की गई है।इस लैब के शुरू होने से अब स्तन कैंसर और फेफड़े के कैंसर से जुड़े मरीजों को इम्यूनोहिस्टोकेमिस्ट्री जांच तथा मॉलिक्यूलर स्तर की महंगी जांचें निःशुल्क उपलब्ध हो सकेंगी। निजी अस्पतालों में इन जांचों की लागत काफी अधिक होती है, ऐसे में यह सुविधा मरीजों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि बीकानेर का आचार्य तुलसी कैंसर रिसर्च सेंटर उत्तर भारत का एक प्रतिष्ठित केंद्र है, जहां राजस्थान के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यहां की ओपीडी संभवतः टाटा कैंसर अस्पताल के बाद सर्वाधिक है। इसी को देखते हुए केन्द्र सरकार चरणबद्ध तरीके से यहां अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है।
मेघवाल ने बताया कि डायमंड्स लैब के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मशीनरी उपलब्ध करवा दी गई है और इस लैब के माध्यम से अब तक 111 मरीजों की जांचें भी की जा चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में सेंटर में और आधुनिक संसाधन जोड़े जाएंगे।इस दौरान कैंसर अस्पताल की निदेशक डॉ. नीति शर्मा ने लैब की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि कैंसर के समयबद्ध उपचार में सटीक जांच बेहद जरूरी है। वहीं पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने इस लैब को स्तन व फेफड़े के कैंसर मरीजों के लिए वरदान बताया।
कार्यक्रम में डॉ. सुरेन्द्र बेनीवाल, डॉ. सुनीता कुलहरि सहित अनेक चिकित्सक, वैज्ञानिक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।