बीकानेर। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में बीकानेर पुलिस ने नशे और अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। DST बीकानेर से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर पुलिस थाना देशनोक की टीम ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित चल रहे दो आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 130 ग्राम एमडी (MD ड्रग्स), एक पिस्टल, टाटा जेस्ट कार और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपी गांव कूदसू थाना पांचू के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों मुलजिम काफी समय से NDPS और गंभीर मारपीट प्रकरणों में वांछित थे तथा आदतन अपराधी हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश जाखड़ पर पूर्व में दिल्ली में करीब 2 करोड़ रुपये की लूट का प्रकरण भी दर्ज है। वहीं दूसरा आरोपी श्याम सुंदर श्री बालाजी नागौर के एक प्रकरण में बीते 2 वर्षों से फरार चल रहा था।
यह कार्रवाई DST प्रभारी विश्वजीत सिंह एवं DST के ASI दीपक यादव द्वारा उपलब्ध कराए गए इनपुट पर की गई। कार्रवाई को थानाधिकारी देशनोक सुमन शेखावत के नेतृत्व में पुलिस थाना देशनोक की टीम ने अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।