बीकानेर। शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, रखरखाव के नाम पर रोजाना बिजली बंद करने और पुष्करणा सावे के दौरान सुचारू आपूर्ति को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बीकेईएसएल (BKESL) के सीओ हरीश सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग करते हुए कई अहम सुझाव भी दिए।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के पूर्व महामंत्री मोहन सुराणा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वेद व्यास, विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
*रात और अलसुबह की विजिलेंस कार्रवाई पर जताई आपत्ति*
प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान उपभोक्ताओं के घरों में रात और अलसुबह बिना सूचना के विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही जांच को अनुचित बताते हुए इसे तुरंत बंद करने की मांग की। साथ ही बिना नोटिस मीटर उतारने की प्रक्रिया पर भी रोक लगाने की बात कही गई।
*रखरखाव के नाम पर रोजाना कटौती बंद करने की मांग*
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रखरखाव के नाम पर प्रतिदिन की जा रही बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं, इसे तत्काल बंद किया जाए। साथ ही शहर में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने की ठोस व्यवस्था करने की मांग की गई।
*फॉल्ट होने पर जनरेटर से आपूर्ति की मांग*
भाजपा नेताओं ने सुझाव दिया कि जहां कहीं बिजली फॉल्ट हो, वहां फॉल्ट ठीक होने तक जनरेटर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाए ताकि नागरिकों को परेशानी ना हो।
*सीओ हरीश सिंह ने दिया आश्वासन*
बीकेईएसल सीओ हरीश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों और सुझावों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सभी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा और बीकानेर के उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र सिंह खारा, के. लाल जोशी, गोविंद सेवग, शुभम भोजक सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।