बीकानेर।मनरेगा के नाम परिवर्तन करने को लेकर शहर और देहात कांग्रेस ने सोमवार को गांधी पार्क से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। कलेक्ट्रेट पहुंचते ही कांग्रेसी बेरिकेट्स पर चढ़ गए और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले गांधी पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी अमर रहे” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, गांधी तेरा नाम रहेगा” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ता जब कलेक्टरी पहुंचे तो पुलिस ने बेरिकेड्स से रास्ता अवरुद्ध कर दिया। प्रतिनिधि मंडल को कलेक्टर कार्यालय तक जाने की अनुमति दी गई, लेकिन कई कार्यकर्ता अंदर घुसने की कोशिश करने लगे।इस दौरान कुछ कांग्रेसी नेता बेरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस ने बाद में उन्हें नीचे उतारा।इस दौरान देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सिहाग ने कहा कि मनरेगा का नाम बदल कर गरीब ग्रामीणों को रोजगार बंद करने की साजिश की जा रही है। बीकानेर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ही गांव गरीब और किसान विरोधी योजनाओं को लाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने मनरेगा के नाम परिवर्तन को लेकर सरकार पर महात्मा गांधी के अपमान का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजना के नाम में बदलाव करना गांधीजी की विचारधारा और योगदान का अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान जिला कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।पैदल मार्च व प्रदर्शन में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, बिशनाराम सियाग, डॉ. राजेंद्र मूंड, जिया उर रहमान, गजेन्द्र सिंह सांखला, भंवर कूकना, श्याम सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।